अलवर , सितम्बर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस थाने के बाहर एक मानसिक रोगी ने पत्थरों से एक युवक की हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान शैकुन के रूप में हुई है। दोपहर करीब एक बजे शैकुन थाने के द्वार पर था तभी वहां लोगों को डरा रहे मानसिक रोगी ने अचानक उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिये। गंभीर रूप से घायल शैकुन को तुरंत अलवर चिकित्सालय ले जाया , जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटना को लेकर मौके पर जुट गये। फिलहाल थाने के सामने भारी भीड़ इकट्ठा है। मानसिक रोगी को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित