भिण्ड , मई 10 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना परिसर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो में एक युवक थाना परिसर के भीतर खड़े होकर समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में स्थानीय मंत्री और थाना प्रभारी को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक देर रात मेहगांव थाने पहुंचा था, जहां उसने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में युवक स्वयं को जीसकपुरा गांव का निवासी बता रहा है। पुलिस के अनुसार वीडियो में सामाजिक विद्वेष फैलाने और लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं और लोगों ने कार्रवाई की मांग की। मेहगांव निवासी विनोद दीक्षित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवराज लोधी निवासी जीसकपुरा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में शामिल करते हुए उसकी सत्यता, रिकॉर्डिंग के समय और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित