भीलवाड़ा , अगस्त 04 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह मंगलवार शाम अपने सरकारी आवास में गंभीर हालत में लहूलुहान पाये गये।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रामस्नेही अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आरंभिक जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी अपने क्वार्टर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। सूत्रों के अनुसार उनके कान के पास गोली लगने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अब तक गोली लगने या घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल अस्पताल पहुंचे। महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ एवं सर्जनों के दल ने तत्काल उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामस्नेही अस्पताल स्थानांतरित किया गया, जहां वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित