पटना, सितंबर 23 -- िहार पर्यटन विभाग के तत्वावधान में फैम टूर ऑफ लोटस ट्रायंगल ट्रैवल टू लैंड ऑफ एनलाइटनमेंट के अंतर्गत बिहार भ्रमण को थाईलैंड से आए 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ स्थानीय पर्यटन हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बोधगया, राजगीर, नालंदा और वैशाली भ्रमण के बाद पटना पहुँचने पर थाई प्रतिनिधिमंडल ने भारत के प्रमुख ट्रैवल ऑपरेटरों और बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बातचीत सत्र में हिस्सा लिया। थाई प्रतिनिधिमंडल के साथ स्थानीय पर्यटन हितधारकों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए पर्यटन निदेशालय के संयुक्त निदेशक राजेश रौशन ने कहा कि बिहार हमेशा बौद्ध पर्यटकों के स्वागत को तैयार रहता है। बिहार में बौद्ध परिपथ अतुलनीय है, जहां विकास के अनगिनत कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सीमा-पार पर्यटन को बढ़ावा देना, बेहतरीन ट्रैवल पैकेज बनाना, सीधी कनेक्टिविटी बेहतर करना और बिहार को थाईलैंड और दक्षिण-पूर्व एशिया के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन के तौर पर स्थापित करने की दिशा में कार्यरत है।

थाई प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से कहा कि बिहार पर्यटन द्वारा किया गया यह प्रयास भारत और विशेषकर बिहार की वैश्विक पर्यटन पहुँच को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसमें बिहार के पर्यटन प्रक्षेत्र के विभिन्न संगठनों की ओर से कहा गया कि थाईलैंड-बिहार टूरिज्म के इस पहल का हिस्सा बनना खुशी की बात है। पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संगठनों ने बातचीत में सक्रिय रूप से भाग लिया और थाईलैंड से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ पर्यटन उत्पादों, विचारों और व्यावसायिक अवसरों का आदान-प्रदान किया।

पर्यटन हितधारकों ने बताया कि बिहार पर्यटन के इस पहल से थाईलैंड और बिहार के बीच पर्यटन सहयोग, व्यावसायिक साझेदारी और डेस्टिनेशन प्रमोशन के नए रास्ते तलाशने का एक बेहतरीन मंच मिला, सदस्यों ने कई सार्थक और उम्मीद जगाने वाली बातचीत की, जिससे भविष्य में व्यावसायिक सहयोग के अवसर पैदा होंगे।

पटना में इस महत्वपूर्ण आयोजन करने और बिहार के पर्यटन उद्योग को थाई ट्रैवल ट्रेड से जुड़ने का मंच प्रदान करने के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग को उन्होंने विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। बिहार पर्यटन भविष्य में भी बौद्ध देशों में ऐसे और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली पहलों को लेकर कृतसंकल्पित है, क्योंकि समृद्ध बौद्ध विरासत, बेहतर पर्यटन बुनियादी ढांचे और मजबूत आध्यात्मिक संबंधों के कारण बिहार में अपार संभावनाएं हैं।

फैम टूर ऑफ लोटस ट्रायंगल ट्रैवल टू लैंड ऑफ एनलाइटनमेंट के अंतर्गत बिहार भ्रमण को थाईलैंड से आए 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इसके बाद बिहार से रवाना हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित