बैंकॉक , जुलाई 23 -- थाईलैंड में विश्वविद्यालय के छात्रों को कथित 'एक्सचेंज प्रोग्राम' का झांसा देकर उनके अभिभावकों से बड़ी रकम ठगने वाले गिरोह के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में बैंकॉक स्थित कसेटसार्ट विश्वविद्यालय की एक छात्रा से ठगों ने 6,99,900 बात (थाईलैंड की मुद्रा) की ठगी कर ली। बाद में पुलिस ने उसे एक होटल से सुरक्षित बचा लिया।
बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, विश्वविद्यालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि छात्रा को सोमवार को एक होटल से सुरक्षित बचाया गया। विश्वविद्यालय के कार्यवाहक अध्यक्ष खोंगसाक थियांगतुम ने स्पष्ट किया कि छात्रा का विश्वविद्यालय परिसर से अपहरण नहीं हुआ था, जैसा कि पहले कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था।
छात्रा के माता-पिता ने बताया कि बेटी की बात पर विश्वास करते हुए उन्होंने सोमवार को 49,900 बात, 2,50,000 बात और चार लाख बात की तीन किस्तों में कुल 6,99,900 बाहत स्थानांतरित कर दिये।
मामले की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय ने दावे को फर्जी पाया और फाहोन योथिन पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर छात्रा को एक होटल से सुरक्षित बचाया। बाद में छात्रा ने अपने माता-पिता से मुलाकात की और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पिछले सप्ताह भी पाथुम थानी में इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां रांगसित विश्वविद्यालय के दो छात्रों को एक होटल से बचाया गया था। दोनों ने मिलकर ठगों को नौ लाख बात स्थानांतरित कर दिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक इस गिरोह से जुड़े किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित