नराथिवाट , दिसंबर 11 -- थाईलैंड के तीन सीमावर्ती प्रांतों के 11 पेट्रोल स्टेशनों पर रविवार तड़के हुए बम धमाकों के बाद नराथिवाट प्रांत में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है और मलेशिया से लगती सीमा पर सुरक्षा इंतज़ाम भी बढ़ा दिये गये हैं।

बैंकॉक पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, नराथिवाट टास्क फोर्स के कमांडर मेजर जनरल योड-आर्वुत प्यूंगपाकडी ने मार्शल लॉ अधिनियम के तहत कर्फ्यू का ऐलान रविवार को किया। यह कर्फ्यू स्थानीय समयानुसार रात्रि नौ बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा।

उल्लेखनीय है कि नराथिवाट, पट्टानी और याला में आगजनी और बम धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाए हैं। नराथिवाट में थाई-मलेशियाई सीमा के सभी चेकपॉइंट पर सख्त नियंत्रण के आदेश दिए गए हैं, जिसमें मुख्य रूप से गाड़ियों, यात्रियों और सामान की कड़ी जांच शामिल है। ये पाबंदियां सभी तरह के सीमा पार व्यापार और थाई एवं विदेशी नागरिकों दोनों पर लागू होंगी ।

कर्फ्यू के घंटों के दौरान यात्रा करने के लिए किसी भी ज़रूरी या आवश्यक कारण वाले व्यक्ति को सेना, पुलिस या स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों जैसे ग्राम प्रधानों से पहले अनुमति लेनी होगी और पास साथ रखना होगा।

चौथी सेना के कमांडर और आंतरिक सुरक्षा अभियान कमान (आइसॉक) -क्षेत्र चार के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नोराथिप पोइनोक ने दक्षिणी सीमावर्ती प्रांतों में अधिकतम सुरक्षा का आदेश दिया है और सभी इकाइयों को चौबीसों घंटे पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने जवाबी कार्रवाई में तालमेल बिठाने और अपराधियों की तलाश तेज़ करने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई। इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करने का वादा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित