चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से यहां राजभवन मुलाकात की।
इस दौरान नागरिक-सैन्य समन्वय और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एवीएसएम, एसएम सहित सेना मुख्यालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सेना की कमान संभालने के बाद जनरल धीरज सेठ की राज्यपाल के साथ यह पहली मुलाकात थी। पंजाब के राज्यपाल होने के साथ-साथ गुलाब चंद कटारिया केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं, जिसके कारण बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनरल सेठ ने राष्ट्र निर्माण के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्यपाल को आश्वस्त किया कि सेना देश की सुरक्षा और विकास में पूरी निष्ठा से योगदान देती रहेगी। उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण को बढ़ावा देने वाली राज्य सरकार की नीतियों के लिए आभार भी व्यक्त किया।
सेना प्रमुख ने राज्यपाल को आंतरिक सुरक्षा से संबंधित नवीनतम घटनाक्रमों, सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही विभिन्न परियोजनाओं तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।
नागरिक-सैन्य मामलों के सलाहकार कर्नल जसदीप संधू के अनुसार, बैठक से क्षेत्र में नागरिक-सैन्य समन्वय और मजबूत हुआ तथा आंतरिक सुरक्षा, सीमा पर शांति बनाये रखने, प्राकृतिक आपदाओं एवं बाहरी खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने और अन्य संभावित संकटों के लिए संयुक्त तैयारियों को लेकर आपसी विश्वास बढ़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित