पौड़ी , अप्रैल 24 -- त्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को विकासखंड थलीसैंण क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं पहुंचाना है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल सके।

मंत्री ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय चौखाल के नव निर्मित भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

इसके उपरांत उन्होंने चोपताखाल स्थित राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में चहारदीवारी एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हाईब्रिड कक्ष एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित कक्ष विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के सुझाव भी लिए।

दौरे के दौरान मंत्री ने चौखाल में सहकारी समिति गुरफली की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में समिति की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा आय-व्यय का विवरण साझा किया गया। मंत्री ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित