अलवर , अगस्त 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में गढ़ीसवाईराम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में चिकित्सक द्वारा थप्पड़ मारने के आरोप के बाद सोमवार को युवक करीब आठ घंटे तक पेड़ पर बैठा रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चूंदाला गांव निवासी उम्मेदीलाल उर्फ पुजारी अपनी पत्नी को इलाज के लिए सीएचसी लेकर आया था। चिकित्सक द्वारा उसे थप्पड़ मारे जाने से वह आहत होकर पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और रस्सी का फंदा लेकर डाली पर बैठ गया।

युवक के पेड़ पर चढ़ने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गयी। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने युवक को लगातार समझाने का प्रयास किया।

मामला बढ़ता देख प्रशासन ने युवक को आश्वासन दिया कि उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज नहीं किया जाएगा और संबंधित चिकित्सक को यहां से हटाया जाएगा। इसके बाद सीएचसी गढ़ीसवाईराम के दो चिकित्सकों डॉ. रमेश मीणा और डॉ. कुसुम मीणा को हटाकर उन्हें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) अलवर कार्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश जारी किए गये।

दो चिकित्सकों के हटाने के आदेश के बाद करीब आठ घंटे से पेड़ पर बैठे उम्मेदीलाल पेड़ से उतर गया। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित