ऋषिकेश, जुलाई, 06 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान सोमवार को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में डूब रहे एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बचा लिया। वहीं, गंगा में पूर्व में डूबे तीन युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च अभियान लगातार जारी है।

एसडीआरएफ के अनुसार, सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में डूबे दो युवकों तथा 5 जुलाई को सिरसू पुल के समीप गंगा में लापता हुए मेरठ निवासी सार्थक की तलाश सोमवार को भी जारी रही। एसडीआरएफ की टीम ने राफ्ट और आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की मदद से घटनास्थल से डाउनस्ट्रीम तक सभी संभावित स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया। हालांकि देर शाम तक लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित