अगरतला , जुलाई 07 -- त्रिपुरा सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों एवं मदरसों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत ''वंदे मातरम'' का गायन अनिवार्य कर दिया है और उसके बाद राष्ट्रगान ''जन गण मन'' गाया जाएगा।

यह निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग ने एक अधिसूचना के माध्यम से जारी किया है। यह निर्देश गृह मंत्रालय द्वारा गत 28 जनवरी को राष्ट्रगीत के उचित सम्मान, प्रोटोकॉल और गायन के संबंध में जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप है।

यह नया नियम त्रिपुरा के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होता है, जिनमें सरकारी स्कूल, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, निजी स्कूल और सहायता प्राप्त एवं गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसे शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना, छात्रों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़े प्रोटोकॉल का लगातार पालन सुनिश्चित करना है।

अधिसूचना के अनुसार सुबह की सभा के संशोधित कार्यक्रम के तहत, छात्रों और कर्मचारियों को 'वंदे मातरम' का पूरा संस्करण गाना होगा और उसके तुरंत बाद राष्ट्रगान गाना होगा। अधिसूचना में कहा गया है कि जब भी राष्ट्रगीत गाया या बजाया जाए, तो सभी छात्रों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सम्मान और शिष्टाचार के निर्धारित नियमों के अनुसार सावधान की मुद्रा में खड़े हों।

इस अधिसूचना को मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिल गई और यह तीन जुलाई से लागू हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित