अगरतला , अक्टूबर 15 -- त्रिपुरा में सिपाहीजाला जिले के सोनामुरा स्थित कमलनगर कृष्णडोला इलाके से सुरक्षा बल और पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़े अभियान में गुरुवार को 327.700 किलोग्राम सूखा गांजा जब्त किया जिसकी अनुमानित कीमत 1.63 करोड़ रुपये है।
यह अभियान सोनामुरा पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 81वीं बटालियन और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) की 11वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से चलाया। यह कार्रवाई इलाके में नशीले पदार्थों के भंडारण की गुप्त सूचना मिलने के बाद की गयी।
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम ने कल रात 12:30 बजे से आज सुबह पांच बजे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्हें सात प्लास्टिक के ड्रम मिले, जिनमें कुल 327.700 किलोग्राम सूखा गांजा भरा हुआ था , हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। संयुक्त टीम ने जब्ती के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए नशीले पदार्थों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया। चूंकि इस खेप को रखने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल सका, इसलिए इसे 'लावारिस' के रूप में दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित