अगरतला , मई 18 -- पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) ने जून माह तक त्रिपुरा में मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (मेमू) ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

इस पहल से राज्य की रेल परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। इसके तहत दैनिक यात्रियों को तेज, पर्यावरण अनुकूल और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगीरेलवे अधिकारियों ने बताया कि अगरतला-धर्मनगर और अगरतला-सबरूम मार्गों पर मेमू ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है। यह परियोजना त्रिपुरा में रेलवे लाइनों के पूर्ण विद्युतीकरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न रेलखंडों पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का कई बार सफल परीक्षण किया जा चुका है, जिससे परिचालन की तैयारियों की पुष्टि हुई है।

अधिकारियों के अनुसार यात्री इलेक्ट्रिक ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए तकनीकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अंतिम चरण में तकनीकी निरीक्षण, सिग्नलिंग प्रणाली के उन्नयन तथा सुरक्षा आकलन जैसे कार्य पूरे किए जा रहे हैं। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार चलता रहा तो मेमू सेवा शुरू करने की आधिकारिक घोषणा जून में की जा सकती है।

मेमू ट्रेनों के शुरू होने से कार्यालय कर्मियों, छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों सहित दैनिक यात्रियों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। डीजल के बजाय बिजली से संचालित ये ट्रेनें तेज रफ्तार, कम यात्रा समय, कम परिचालन लागत और प्रदूषण में कमी के कारण पर्यावरण पर कम प्रभाव जैसी सुविधाएं प्रदान करेंगी।

इसके अलावा मेमू सेवाओं से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी। छोटे स्टेशनों और अर्द्ध शहरी क्षेत्रों में अधिक ठहराव की सुविधा मिलने से राज्य के विभिन्न हिस्सों के लोगों की पहुंच बेहतर हो सकेगी।

दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम और उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर को अगरतला से जोड़ने वाले मार्गों को स्थानीय आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित