अगरतला , दिसंबर 13 -- त्रिपुरा ग्रामीण आजीविका मिशन (टीआरएलएम) राज्य के उत्तरी त्रिपुरा और ढ़लाई जिलों के लगभग आठ हजार गरीब परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समावेशी आजीविका योजना (एसएवाई) शुरू करने जा रहा है।

नए साल से शुरू वाली यह योजना तीन वर्षों के लिए चलायी जाएगी और इसके लिए लगभग 40 करोड़ रूपये की व्यवस्था की गयी है। यह पहल विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) रियांग जनजातियों के साथ-साथ अन्य अनुसूचित जनजातियों, अनुसूचित जातियों, महिला-नेतृत्व वाले परिवारों और एकल-सदस्यीय परिवारों को सहायता उपलब्ध करायेगी।

टीआरएलएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारित कांति चकमा ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आजीविका के अवसरों का विस्तार करना, टिकाऊ आय को बढ़ावा देना और हाशिए पर रहने वाले ग्रामीण समुदायों के बीच समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित