अगरतला , नवंबर 09 -- त्रिपुरा में अचानक आये तूफान के कारण प्रसिद्ध त्रिपुरसुंदरी मंदिर (माताबारी) में इस साल का दिवाली उत्सव काफी हद तक बाधित हो गया है, हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

तेज आंधी और भारी बारिश ने वहां मौजूद लोगों, व्यापारियों और आयोजकों को संभलने का मौका नहीं दिया, जिससे काफी अव्यवस्था हुई और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।

तेज हवाओं और बारिश के कारण मेले में आये लोगों को वहां से हटना पड़ा, जो जगह आमतौर पर लोगों की चहल-पहल से भरी रहती है, वह तूफान के दौरान लगभग सुनसान हो गयी। तूफान की वजह से उदयपुर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जिससे उत्सवस्थल अंधेरे में डूब गया और सभी कार्यक्रम रुक गये।कई अस्थायी स्टॉल और सजावटी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गये, जिससे छोटे व्यापारियों को त्योहार की शुरुआत में ही अचानक आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित