अगरतला , सितंबर 24 -- उत्तरी त्रिपुरा में धर्मनगर के विधायक जहार चक्रवर्ती की पत्नी बरनाली गोस्वामी के ख़िलाफ़ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के अंदरूनी मतभेद उभर आये हैं और पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग आपस में भिड़ने की कई घटनाएं हुई हैं।
पिछले दो दिनों में चुनाव क्षेत्र में हुई अलग-अलग घटनाओं के बाद सत्ताधारी पार्टी में आपसी खींचतान एवं टकराव के आरोप सामने आए हैं। यह विवाद धर्मनगर सरकारी डिग्री कॉलेज में हुए विरोध-प्रदर्शन से शुरू हुआ जहां एबीवीपी के सदस्यों ने गोस्वामी के खिलाफ "वापस जाओ" के नारे लगाए।
कॉलेज में कथित रूप से, शिक्षकों की कमी, पीने के पानी की सुविधा और पढ़ाई-लिखाई के कामों में रुकावट जैसे मुद्दों पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान उनकी मौजूदगी ने हालात को तनावपूर्ण बना दिया। फिर रात में उनके समर्थकों ने एक छात्र नेता के पिता पर हमला कर दिया जिन्होंने सुश्री बरनाली के खिलाफ़ नारे लगाए थे।
स्थानीय आरोपों के अनुसार,धर्मनगर के विधायक के एक करीबी व्यक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। इस मामले में मंडल स्तर के एक नेता का नाम भी सामने आया है। यह भी आरोप है कि झड़प के दौरान विधायक ने अपने सहयोगी को बचाने के लिए बीच-बचाव किया।
इसके साथ ही जवाबी आरोप भी सामने आए हैं जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के ज़िला कार्यालय के अंदर दूसरे गुट से जुड़े समर्थकों पर हमला किया गया। छात्रों का विरोध-प्रदर्शन एक बड़े विवाद का हिस्सा बन गया है; इसमें आरोप लगाया गया है कि विरोध में शामिल एबीवीपी के एक छात्र नेता के पिता पर सड़क पर हमला किया गया।
इन घटनाओं ने भाजपा के धर्मनगर संगठन के भीतर गुटीय मतभेदों पर चर्चा को हवा दी है जिससे पुलिस जांच एवं हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित