अगरतला , नवंबर 01 -- त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी टिपरा मोथा, आगामी शहरी स्थानीय निकाय चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले एक साथ मिलकर लड़ने पर सहमत हो गई हैं।

यह निर्णय रविवार को राज्य अतिथि गृह में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई एक बैठक में लिया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राजग सहयोगियों के बीच तालमेल बढ़ाना और निकाय चुनावों के लिए एक साझा रणनीति तैयार करना था।

बैठक की अध्यक्षता करने वाले त्रिपुरा के बिजली मंत्री रतन लाल नाथ ने बातचीत को सकारात्मक बताया और कहा कि दोनों पक्ष मिलकर चुनाव लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि टिपरा मोथा ने भाजपा के सामने कुछ प्रस्ताव रखे हैं जिन्हें अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

श्री नाथ ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नागरिक चुनावों में राजग के सभी घटकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने याद दिलाया कि टिपरा मोथा ने पहले ही राजग के बैनर तले चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी।

इस बीच, मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने संगठनात्मक तैयारियों, चुनावी रणनीति, समन्वय और उम्मीदवार चयन की समीक्षा के लिए भाजपा की राज्य इकाई की एक अलग बैठक की अध्यक्षता की।

राजनीतिक हिंसा के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए, साहा ने कहा कि भाजपा हिंसा की किसी भी घटना या शांतिपूर्ण चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

धलाई जिले के कमलपुर में माकपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों की खबरों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं और किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले वह इस बारे में और जानकारी लेंगे।

उन्होंने शांतिपूर्ण चुनावी माहौल के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता पर भी बल दिया और कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे विपक्षी उम्मीदवारों या उनके समर्थकों को नामांकन पत्र दाखिल करने से न रोकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित