अगरतला , अप्रैल 04 -- त्रिपुरा के धर्मनगर उपचुनाव में कुल 46,143 मतदाता नौ अप्रैल को छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 46,143 मतदाता हैं, जिनमें 23,763 महिलाएं शामिल हैं। बूथ प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए आयोग ने 42 अलग-अलग जगहों पर 55 मतदान केंद्र स्थापित किये हैं।
जिलाधिकारी चांदनी चंद्रन ने बताया कि मतदान की प्रक्रिया की निगरानी को बेहतर बनाने के लिए कम से कम आठ पुलिस क्षेत्राधिकारियों और उतने ही नागरिक क्षेत्राधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इनमें से प्रत्येक अधिकारी के पास सात-आठ मतदान केंद्रों के लिए जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा, 12 नागरिक क्षेत्राधिकारी और 11 पुलिस क्षेत्राधिकारी (रिजर्व सहित) भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
आयोग के अनुसार मतदाताओं में 85 वर्ष से अधिक आयु के 181 व्यक्ति और दिव्यांगजन शामिल हैं, जबकि इस उपचुनाव के लिए 930 नये मतदाताओं ने पंजीकरण कराया है। मतदान की प्रक्रिया नौ अप्रैल को सुबह सात बजे शुरू होगी और शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। मतगणना चार मई को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित