लखनऊ , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बुधवार को बागपत पहुंचकर त्रिपुरा के दिवंगत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग के अंतिम संस्कार में भाग लिया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मूल रूप से बागपत के निवासी अनुराग और असीम अरुण वर्ष 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी थे। दोनों ने एक साथ भारतीय पुलिस सेवा में अपने करियर की शुरुआत की थी। प्रशिक्षण के दौरान दोनों ने मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी तथा हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो मिशन में भी दोनों ने साथ कार्य किया था।

अपने बैचमेट और घनिष्ठ मित्र को अंतिम विदाई देते समय असीम अरुण भावुक दिखाई दिए। उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि अनुराग एक समर्पित, कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील पुलिस अधिकारी थे।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने अपने लंबे साथ और साझा सेवाकाल की यादों को भी परिजनों एवं उपस्थित लोगों के साथ साझा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित