अगरतला , फरवरी 01 -- त्रिपुरा की एक छात्रा की कोलकाता के स्कॉटिश चर्च कॉलेज के छात्रावास में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गयी है।

छात्रा का शव 24 जनवरी को छात्रावास में मिला था। मृतक के परिवार द्वारा पुलिस को मामले की सूचना देने के बाद शनिवार को उसकी मौत की खबर सार्वजनिक हुई। मृतक छात्रा की पहचान ऋषिता बनिक के रूप में हुई है, जो त्रिपुरा की रहने वाली राजनीति विज्ञान की तृतीय वर्ष की स्नातक छात्रा थीं। इस खुलासे से छात्रावास के निवासियों और कॉलेज दोनों में शोक और आशंका का माहौल है।

रिपोर्टों के अनुसार, ऋषिता अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश पाई गई थीं। बताया जा रहा है कि वह पिछली शाम को बाहर गई थीं और रात को लौटी थीं। अगले दिन उससे संपर्क न हो पाने पर उसकी मां ने छात्रावास की अन्य छात्राओं से बात की जिन्होंने कथित रूप से उसे कमरे में बेहोश पाया। उसे तुरंत आरजी कार मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, उसके शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे, जिससे उसकी मौत का रहस्य और गहरा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित