अगरतला , अक्टूबर 24 -- त्रिपुरा कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करने का फैसला किया है।
त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने बताया कि केंद्र तथा राज्य दोनों जगह भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ त्रिपुरा में अपना अभियान तेज करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तीन पर्यवेक्षक 27 से 29 अक्टूबर तक त्रिपुरा का दौरा करेंगे और पार्टी की आगे की रणनीति को अंतिम रूप देंगे।
श्री साहा ने बताया कि इस दौरान पर्यवेक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप जैन और दीपक शर्मा त्रिपुरा के सभी नौ संगठनात्मक जिलों में होने वाली बैठकों की देखरेख करेंगे। वे राज्य के पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला और प्रखंड स्तर के नेताओं के साथ भी चर्चा करेंगे। इन बैठकों में मुख्य रूप से चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर पार्टी के आरोपों और चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा। कांग्रेस पार्टी, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके साथ ही पार्टी की मांग है कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों को वापस जोड़ा जाये।
उन्होंने चिंता जतायी कि चुनाव आयोग के कामकाज ने लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावों की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग पर इस तरह से काम करने का आरोप लगाया है जिससे भाजपा को अनुचित लाभ मिलता है। एआईसीसी के ये पर्यवेक्षक राज्य नेतृत्व के साथ मिलकर पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करेंगे, ताकि 1 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली को सफल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर होने वाली इन बैठकों में पार्टी की विभिन्न इकाइयों के बीच तालमेल बेहतर करने और आगामी रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी 25 नवंबर तक पूरे त्रिपुरा में प्रखंड स्तर पर अपना जनसंपर्क अभियान जारी रखेगी। पर्यवेक्षक इन तैयारियों का जायजा लेंगे और स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी कार्यक्रम पार्टी की मुख्य रणनीति के अनुरूप हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित