अगरतला , अप्रैल 10 -- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) चुनाव से महज दो दिन पहले ऊनाकोटी जिले के मचमारा निर्वाचन क्षेत्र से वाम मोर्चा के उम्मीदवार बाबुल देबनाथ ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव और विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने कहा कि फॉरवर्ड ब्लॉक के सदस्य बाबुल देबनाथ को सर्वसम्मति से वाम मोर्चा का उम्मीदवार चुना गया था। उन्होंने हालांकि आरोप लगाया कि फॉरवर्ड ब्लॉक के वर्तमान राज्य संयोजक परेश सरकार ने श्री देबनाथ पर अनुचित मानसिक दबाव बनाया और उन्हें आखिरी क्षण में हटने के लिए मजबूर किया। श्री सरकार ने खुद भी यहाँ से नामांकन दाखिल किया था।
श्री चौधरी ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निराशा व्यक्त की। उन्होंने अन्य वाम मोर्चा सहयोगियों से परामर्श किए बिना एकतरफा निर्णय लेने के लिए फॉरवर्ड ब्लॉक की आलोचना की और कहा इससे गठबंधन के भीतर आंतरिक कलह का पता चलता है।
इस घटनाक्रम के जवाब में, वाम मोर्चा ने परेश सरकार की उम्मीदवारी से खुद को अलग कर लिया है और रविवार को होने वाले एडीसी चुनावों के लिए उन्हें अपना आधिकारिक उम्मीदवार मानने से सार्वजनिक रूप से इनकार कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित