अगरतला , अप्रैल 12 -- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) चुनाव के लिए राज्य के सभी 28 निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान शुरू होने के पहले तीन घंटों में 22 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने कहा कि कुछ छिटपुट घटनाओं के अलावा मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है । कछ केन्द्राें में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मतदान एजेंटों को बूथों में प्रवेश करने से कथित रूप से रोकना शामिल है। हालांकि, मतदाताओं को डराने-धमकाने का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

एसईसी अधिकारियों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में किसी भी हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से सुसज्जित 1,257 मतदान केंद्रों पर कुल 9,62,697 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 4,82,025 पुरुष मतदाता, 4,80,666 महिला मतदाता और छह उभयलिंगी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित