अगरतला , जून 07 -- त्रिपुरा प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले पांच वर्षों में बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं और संपत्ति की खरीद फरोख्त की जांच शुरू कर दी है।
राज्य प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, श्री शाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में वित्तीय गतिविधियों की बारीकी से जांच करने के साथ-साथ उस इलाके में निर्माण परियोजनाओं और जमीन के लेन-देन पर नज़र रखने पर ज़ोर दिया। यह निर्देश पिछले हफ़्ते अगरतला में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय में सीमा से जुड़ी चिंताओं पर हुई एक बैठक के दौरान दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि श्री शाह ने हालात का जायजा लेने और यह पता लगाने के लिए कि क्या इन निवेशों का विदेशी संस्थाओं या गैर-कानूनी फंडिंग से कोई संबंध है, पिछले पांच वर्षों के भूमि रिकॉर्ड की गहन समीक्षा करने को कहा है। गृह मंत्री ने नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने का निर्देश दिया और नशीले पदार्थों के व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने को भी कहा है।
श्री शाह ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सीमावर्ती ज़िलों में वित्तीय अनुशासन बनाये रखना राज्यों की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कलेक्टरों और जीएसटी अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की भी बात कही और साथ ही केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड से नकली मुद्रा चलन के बारे में भी सर्वेक्षण करने को कहा। श्री शाह ने सीमा के पास रहने वाले लोगों को नशीले पदार्थों और हथियारों से जुड़े खतरों से निपटने के बारे में जानकारी देने के लिए शैक्षणिक शिविर लगाने के निर्देश दिये और इन शिविरों में पुलिस एवं बीएसएफ के जवानों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित