अगरतला , जुलाई 15 -- त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए जारी गणना प्रपत्र (एन्युमरेशन फॉर्म) में संशोधन की मांग करते हुए चुनाव आयोग से छठी अनुसूची क्षेत्रों और अन्य क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए अलग-अलग प्रावधान करने का आग्रह किया है।

पार्टी के महासचिव स्वप्न देबबर्मा ने बुधवार को कहा कि इस संबंध में राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा जा चुका है और जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल नयी दिल्ली जाकर चुनाव आयोग से भी मुलाकात करेगा।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) छठी अनुसूची के तहत आने वाले त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के क्षेत्रों पर लागू नहीं होता, इसलिए एसआईआर के गणना प्रपत्र में टीटीएएडीसी और गैर-टीटीएएडीसी क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए अलग-अलग स्तंभ होने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित