अगरतला , सितंबर 29 -- त्रिपुरा आदिवासी क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के तहत ग्राम समिति चुनाव के दौरान त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर में सोमवार को भड़की हिंसा लगातार बढ़ रही है।
यह हिंसा तब शुरू हुई जब टिपरा मोथा के उम्मीदवार को गोली मार दी गयी। स्थिति को शांत करने की कोशिशों के दौरान गोमती के पुलिस अधीक्षक अनिरबान दास घायल हो गये, जबकि उदयपुर के उप-खंड पुलिस अधिकारी की गाड़ी पर भी टिपरा मोथा समर्थकों ने हमला किया। हिंसा के कारण टिपरा मोथा के कम से कम तीन कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
टिपरा मोथा के नेता एवं सेवानिवृ्त्त आईएएस अधिकारी सीके जमातिया ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी पार्टी के उम्मीदवार खचिंद्र रयांग को गोली मारने वालों को मंगलवार तक गिरफ्तार नहीं किया जाता तो पार्टी के समर्थक गोमती जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चक्का जाम कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि टिपरा मोथा के उम्मीदवार को वारेंगबारी में आर के पुर पुलिस स्टेशन के पास गोली मारी गई, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसके बाद गमरिया में पत्थरबाज़ी और तोड़-फोड़ की कई घटनाएं दर्ज की गईं।
गोलीबारी की घटना के विरोध में, मोथा समर्थकों ने उदयपुर-अमरपुर रोड जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग की। इस हंगामे के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके गए, जिससे एसपी अनिरबान दास के सिर में चोट आई और एसडीपीओ देबांजलि रॉय की कार में तोड़-फोड़ की गई। हालात को काबू में करने के लिए सीआरपीएफ, त्रिपुरा पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के सुरक्षाबलों को तैनात किया गया।
पुलिस ने गोलीबारी तथा उसके बाद की हिंसा की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने तथा तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। मतदान केंद्र पर गोलीबारी से पहले कुछ अज्ञात लोग हिंसा में भी शामिल थे।
घायल उम्मीदवार के समर्थकों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े कार्यकर्ता हिंसा में शामिल थे। दूसरी ओर, त्रिपुरा भाजपा महासचिव बिपिन देबबर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह भाजपा अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय की छवि धूमिल करने का एक प्रयास है क्योंकि यह घटना उनके विधानसभा क्षेत्र में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित