अगरतला , अगस्त 25 -- त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के जोगेंद्रनगर इलाके में सोमवार रात उस समय तनाव बढ़ गया जब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैली के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यालय में तोड़फोड़ हुई।
भाजपा ने बढ़े हुए बिजली बिल की रकम को सब्सिडी से खत्म करने के सरकार के फैसले के समर्थन में रैली निकाली थी। यह रैली जोगेंद्रनगर से होकर गुज़री, जहां माकपा का कार्यालय मौजूद है। इसी दौरान क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। माकपा का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने उनके कार्यालय पर हमला किया। इस कथित हमले में कार्यालय के कुर्सी-टेबल के अलावा मोटरसाइकिल और स्कूटर भी तोड़े गये।
दूसरी ओर, भाजपा ने आरोप लगाया कि झगड़े की शुरुआत माकपा कार्यालय से तब हुई जब रैली की ओर टिन के टुकड़े फेंके गये। पार्टी ने कहा कि इससे कम से कम दो कार्यकर्ता घायल हो गये और उन्हें आईजीएम अस्पताल भेजा गया। कार्यकर्ताओं के नाम उत्तम सूत्रधार और भानुमलिक बरुआ बताये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित