अगरतला , अक्टूबर 06 -- त्रिपुरा पुलिस ने सोमवार शाम अगरतला के हेरिटेज पार्क में छापेमारी कर बंगलादेशी नागरिक और 'पारबत्य चटग्राम जन संहति समिति' (पीसीजेएसएस) के शस्त्रागार कमांडर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्यामल कांति चकमा उर्फ टोरू के रूप में हुई है, जो संतु लर्मा के नेतृत्व वाले पीसीजेएसएस से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, अगरतला के एनसीसी थाना पुलिस ने चकमा को उस समय हिरासत में लिया, जब संगठन के सदस्य पार्क में बैठक कर रहे थे। उसके दो सहयोगी मिथन चकमा और ज्योतिष्मान चकमा हालांकि मौके से भागने में कामयाब हो गए।

रिपोर्टों के मुताबिक, श्यामल चकमा इससे पहले बंगलादेश के चटगांव पहाड़ी क्षेत्र (सीएचटी) में 'मुखोश वाहिनी' नामक संगठन का नेतृत्व कर चुका है। वह जनवरी 2026 में लगभग 50 आधुनिक हथियारों के साथ पीसीजेएसएस में शामिल हुआ था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्यामल चकमा का संबंध बंगलादेश के सैन्य खुफिया निदेशालय (डीजीएफआई) से भी रहे हैं। पीसीजेएसएस अध्यक्ष संतु लर्मा ने उसे बंगलादेशी सेना के साथ संपर्क बनाये रखने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपी पीसीजेएसएस के एक अन्य शस्त्रागार कमांडर समाज प्रियो चकमा के साथ काम कर चुका है, जिसे जनवरी 2025 में अगरतला के एडी नगर से पकड़ा गया था।

त्रिपुरा में संगठन के सशस्त्र कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच हुई इस गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित