अगरतला , सितंबर 3 -- त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पांच सितंबर से शुरू होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को कुछ दिनों के लिए स्थगित करने की मांग की है। भाजपा का तर्क है कि यह पुनरीक्षण प्रक्रिया स्वायत्त जिला परिषद की ग्राम समिति चुनावों की समय-सारणी के साथ टकरा रही है, जिसके तहत 28 सितंबर को मतदान होना तय हुआ है।
राज्यसभा सांसद राजीव भट्टाचार्य के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयोग से मुलाकात की और इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि एसआईआर प्रक्रिया से चुनाव कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की चुनाव में व्यस्तता को देखते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण को थोड़ा आगे बढ़ाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित