रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी को मजबूत बनाने की तैयारी की है। इसके तहत शहर के व्यस्त क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों, गूगल मैप्स के लाइव ट्रैफिक डेटा और स्मार्ट यातायात प्रबंधन प्रणाली के कैमरों की सहायता से निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार उनकी प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करना, यातायात जाम की स्थिति से तत्काल निपटना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है। इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी के साथ पुलिस की पेट्रोलिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित