रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले बाहरी गिरोहों की सक्रियता की आशंका बढ़ गई है। हाल ही में चोरी की दो घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस को महिला गिरोहों सहित दूसरे राज्यों से आने वाले संगठित गिरोहों की गतिविधियों का संदेह है। पुलिस बाजारों में सतर्कता बढ़ाने, कारोबारियों के साथ सुरक्षा बैठक करने और लोगों को सतर्क करने के लिए अलर्ट जारी करने की तैयारी कर रही है।
गोलबाजार में 70 वर्षीय खैरून निशा के साथ हुई वारदात में ऑटो के भीतर शॉल से ढककर उनकी करीब पौने दो लाख रुपए कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली गई। इस घटना से दो दिन पहले खमतराई क्षेत्र में ऑटो में उल्टी का बहाना बनाकर जूता-चप्पल कारोबारी हाशिम खान की जेब से 21 हजार रुपए निकाल लिए गए थे। इन घटनाओं के बाद पुलिस बाजारों और सार्वजनिक परिवहन के साधनों में लोगों को निशाना बनाने वाले गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के मुताबिक, त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों के आधा दर्जन से ज्यादा गिरोह रायपुर पहुंचते हैं। ये गिरोह चोरी, उठाईगिरी, चेन स्नेचिंग और ठगी की वारदातों को अंजाम देने के बाद कुछ ही समय में शहर छोड़ देते हैं। ऐसे में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन जाती है।
संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस निजी संस्थानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख बाजारों तथा सड़कों की ओर कराने की तैयारी कर रही है। इससे वारदात के बाद भागने वाले संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने में मदद मिल सकेगी।
ऑटो में नकदी और जेवर चोरी करने वाले गिरोह: बिहार के मोतिहारी, महाराष्ट्र के अमरावती और तेलंगाना के महिला गिरोह ऑटो में यात्रियों को बातचीत में उलझाकर अथवा दुपट्टे से ढककर उनके जेवर और नकदी पार करते हैं। लगातार दो वारदातों के बाद इनके शहर छोड़ने की आशंका रहती है।
चेन स्नेचिंग करने वाले गिरोह: ओडिशा के गंजाम और मध्यप्रदेश के गिरोह चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ये चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते हैं और छिपने के लिए शहर के आउटर क्षेत्रों में किराये पर मकान लेते हैं। वारदात के बाद शहर छोड़ देना इनका तरीका बताया जाता है।
ग्राहक बनकर सराफा दुकानों में चोरी: महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती, उत्तर प्रदेश के कानपुर-मेरठ और छत्तीसगढ़ के अकलतरा से आने वाले महिला गिरोह त्योहारों के दौरान सराफा दुकानों को निशाना बनाते हैं। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पहुंचती हैं और कारोबारी को बातचीत में उलझाकर जेवर चोरी कर फरार हो जाती हैं।
केमिकल से कार के शीशे तोड़कर चोरी: आंध्रप्रदेश और कर्नाटक का त्रिची गिरोह बाजारों तथा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी कारों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य केमिकल डालकर कार का शीशा तोड़ते हैं और भीतर रखा सामान चोरी कर लेते हैं। पिछले तीन साल में इस तरह की दर्जनभर घटनाएं होने की जानकारी दी गई है।
जांच के नाम पर जेवर ठगने वाले गिरोह: महाराष्ट्र-कर्नाटक के ईरानी गिरोह के सदस्य फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगते हैं। वे विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं को रोककर जेवर सुरक्षित रखने का झांसा देते हैं। इसके बाद कपड़े में लोहे के टुकड़े थमाकर असली जेवर लेकर फरार हो जाते हैं।
पॉश कॉलोनियों और कवर्ड कैंपस में चोरी: मध्यप्रदेश के धार का गिरोह कवर्ड कैंपस, पॉश कॉलोनियों और शहर के आउटर क्षेत्रों में स्थित मकानों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य अपने साथ पत्थर रखते हैं और विरोध होने पर हमला भी कर सकते हैं। वारदात के बाद इनके शहर छोड़ने की आशंका रहती है।
मोबाइल दुकानों में सेंधमारी: बिहार के घोड़ासाहन और मोतिहारी के गिरोह मोबाइल दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरोह के नाबालिग सदस्य रात में मोबाइल दुकानों के बाहर सोते हैं और मौका मिलने पर शटर तोड़कर भीतर घुस जाते हैं। चोरी किए गए मोबाइल नेपाल में बेचे जाने की सूचनाएं हैं।
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालना: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और हरियाणा के युवक एटीएम में लोगों की मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल देते हैं। खासकर बुजुर्गों और ग्रामीणों को दूसरा कार्ड थमाकर उनके बैंक खातों से रुपए निकाल लिए जाते हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा, "त्योहारों के दौरान वारदात करने वाले गिरोहों के बारे में सभी थानों को जानकारी दी जाएगी, ताकि उनके अपराध करने के तरीके का पता रहे। बाजारों में सादे कपड़ों में जवानों को तैनात किया जाएगा।"पुलिस बाजारों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही कारोबारियों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी कर रही है। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में खरीदारी करने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को नकदी तथा जेवर की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित