यमुनानगर , अक्टूबर 29 -- दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

उपायुक्त यमुनानगर प्रीति के आदेशानुसार तथा एसडीएम बिलासपुर/ छछरौली जसपाल सिंह गिल के मार्गदर्शन में वीरवारको छछरौली बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

बीडीपीओ कार्तिक चौहान, फूड सप्लाई ऑफिसर गुलाब सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार की पांच से छह प्रमुख मिठाई की दुकानों पर छापा मारकर बर्फी, गुलाब जामुन, लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लिए। सभी सैंपलोंको जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाईकी जाएगी।

इस मौके पर एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है, ऐसे मेंकुछ दुकानदार मुनाफे के लालच में मिलावटी और घटिया सामग्री का इस्तेमाल करते हैं। प्रशासन ऐसी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने सभी मिठाई विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे ग्राहकों को केवल शुद्ध, ताजी और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां ही बेचें। मिठाई बनाने, रखने और बेचने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।

एसडीएम ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उपमंडल छछरौली में यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अन्य बाजारों में भी इसी तरह सैंपलिंग की जाएगी।

इस दौरान पंचायत अधिकारी विकास कुमार और अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित