मथुरा , मई 11 -- गंगा दशहरा पर्व तथा ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्वों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, स्वास्थ्य एवं विद्युत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने नगर निगम, समस्त अधिशासी अधिकारियों तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा पुलिस एवं यातायात विभाग को सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने, त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करने तथा पूर्व में उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने सहायक नगर आयुक्त को मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, नालों की सफाई कराने तथा विभिन्न स्थानों पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफार्मरों के चारों ओर बैरिकेडिंग करने, खुले एवं लटके तारों को ठीक कराने तथा विद्युत पोलों की रैपिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वास्थ्य टीम, एम्बुलेंस एवं मोटरसाइकिल एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने नगर निगम को सभी स्ट्रीट लाइटों को चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमा, घाटों के निकट बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं सिविल डिफेंस वालंटियर्स की तैनाती के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा अफवाह फैलाने वालों और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एसपी यातायात को रूट डायवर्जन संबंधी सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा आवश्यकता अनुसार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आशना चौधरी, विभिन्न उप जिलाधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित