यमुनानगर , नवंबर 02 -- त्योहारों के सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए हरियाणा में यमुनानगर जिला पुलिस ने विशेष तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देशानुसार बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि त्योहारों पर खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही बढ़ने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए पुलिस कर्मचारियों को यातायात सुचारु रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
थाना यातायात प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि बाजारों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों और आमजन के साथ बैठक की गई। बैठक में सभी को संयम बरतने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आमजन की भी जिम्मेदारी है।
थाना यातायात प्रभारी संदीप कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए जाते समय जहां तक संभव हो, दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें। जरूरत न होने पर चारपहिया वाहन लेकर बाजार में आने से बचें, ताकि वाहनों की संख्या कम रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। यदि चारपहिया वाहन लेकर आना आवश्यक हो, तो उसे निर्धारित पार्किंग स्थल या किसी उचित स्थान पर ही खड़ा करें। सड़क के किनारे वाहन पार्क न करें, जिससे यातायात बाधित हो।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षित एवं सुविधाजनक खरीदारी का माहौल उपलब्ध करवाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित