जयपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्य की पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष रूट मार्च किया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह ने राज्य के समस्त पुलिस अधीक्षकों को दिये निर्देश के मुताबिक मंगलवार शाम सात से दस बजे तक के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रूट मार्च आयोजित किया गया।
प्रदेश के सभी जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने रूट मार्च किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं आमजन की आवाजाही वाले क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की गयी। रूट मार्च का उद्देश्य पुलिस की सक्रियता प्रदर्शित करने के साथ अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित