भदोही , मार्च 17 -- ईद, नवरात्र और रामनवमी जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस ने मंगलवार को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में फ्लैग मार्च किया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की गहन जांच की। इसके साथ ही होटल-ढाबों, बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लोगों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस ने बताया कि कालीन नगरी के महत्वपूर्ण स्थानों, चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने जनपद के सभी नागरिकों से आगामी त्योहार शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित