पटना , अक्टूबर 07 -- ्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से राज्यभर में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण एवं प्रयोगशाला जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में फ्रेजर रोड, पटना क्षेत्र स्थित मेसर्स बंसी विहार रेस्तरां का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित कई मानकों का अनुपालन नहीं पाया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार प्रतिष्ठान को कुल 112 अंकों में 63 अंक प्राप्त हुए, जो 57 प्रतिशत है। निरीक्षण का अंतिम परिणाम गैर-अनुपालन पाया गया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में खाद्य पदार्थों एवं पैकेजिंग सामग्री के उचित भंडारण, पर्याप्त वेंटिलेशन, उपकरणों की उपयुक्तता, फर्श की स्थिति, पेयजल से संबंधित अभिलेख तथा दीवारों एवं छत की स्थिति सहित कई बुनियादी मानकों में कमी पाई गई।

साथ ही, कच्चे माल की सफाई, खाद्य उपकरणों की स्वच्छता, कटरी एवं क्रॉकरी की सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित परिवहन तथा खाद्य पदार्थों की पोर्शनिंग के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां भी पाई गईं। निरीक्षण के दौरान आने वाली खाद्य सामग्री के रिकॉर्ड तथा फिफो एवं फेफो व्यवस्था के उचित अनुपालन में भी कमी पाई गई।

रखरखाव एवं स्वच्छता के अंतर्गत मापने एवं निगरानी करने वाले उपकरणों का निर्धारित समय पर कैलिब्रेशन नहीं कराया गया था। प्रतिष्ठान को पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि खाद्य संचालकों के वार्षिक चिकित्सा परीक्षण एवं टीकाकरण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित