पूर्णियाँ , सितम्बर 02 -- बिहार में पूर्णिया के जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्णिया जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की त्योहारों में होने वाले कालाबाजारी को रोकने को लेकर लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एसडीएम कि अगुवाई में शहर के भट्ठा बाजार स्थित प्रतिष्ठित गोकुल स्वीट्स समेत कई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिठाई, चॉकलेट, आइसक्रीम सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए पटना भेजा जाएगा।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट, सामानों के रखरखाव, रसोईघर की साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

सदर एसडीएम विग्नेश टीए ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। मिठाई दुकानों के अलावा सभी भोजनालय , होटल और रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन या कमियां पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि एडीएसओ और फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर समेत छह सदस्यीय टीम गठित कर भट्ठा बाजार में जांच की गई। इस दौरान दो से तीन दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए पटना भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने कहा कि जांच के दौरान आर्टिजंस रूल्स के उल्लंघन की भी जानकारी सामने आई है। उन्होंने जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुवे कहा कि सभी प्रतिष्ठान अपने संस्थान का खाद्य लाइसेंस और पंजीयन समय पर कराकर रखें और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित सभी नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान जिले और सभी अनुमंडलों में आगे भी जारी रहेगा।

जांच के दौरान गोकुल स्वीट्स के किचन सहित दुकान में रखी विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, चॉकलेट और आइसक्रीम की भी जांच की गई और आवश्यकतानुसार सैंपल लिए गए। जांच के समय दुकान पर ग्राहकों की भीड़ भी मौजूद थी और लोग विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और पकवान खरीदते नजर आए।

वहीं, गोकुल स्वीट्स के संचालक गगन तिवारी ने कहा कि भट्ठा बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से रूटीन चेकअप किया गया।

अधिकारियों ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं। उन्होंने कहा कि दुकान का उद्देश्य पूर्णिया के ग्राहकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित