रांची , सितंबर 30 -- झारखंड में आगामी त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने रांची-आनंद विहार और सांतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
रांची से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 02877 अब 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को रांची से रवाना होगी। वहीं, वापसी में आनंद विहार टर्मिनल-रांची स्पेशल ट्रेन संख्या 02878 का परिचालन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के कुल नौ-नौ फेरे होंगे।
रांची होकर चलने वाली सांतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 08611 के परिचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। अब यह ट्रेन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन प्रत्येक सोमवार को सांतरागाछी से अजमेर के लिए रवाना होगी।
वापसी में अजमेर-सांतरागाछी स्पेशल ट्रेन संख्या 08612 का परिचालन 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को अजमेर से रवाना होगी। इस ट्रेन के भी दोनों दिशाओं में कुल 12-12 फेरे निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान रांची और आसपास के क्षेत्रों से उत्तर भारत तथा राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा। त्योहारी अवधि में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित