राजनांदगांव , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए राजनांदगांव जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने अवमानक खाद्य सामग्री से जुड़े विभिन्न मामलों में कुल 68 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं जिले के कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
शुक्रवार को जिला प्रशासन से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर नमूने एकत्र करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। अभियान के तहत राजनांदगांव, डोंगरगांव, छुरिया, खुज्जी, अर्जुनी और डोंगरगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के किराना स्टोर, डेयरी, होटल, मिठाई दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों से आटा, पान मसाला, राइस ब्रान तेल, चना एवं मूंग दाल, मिठाई, चायपत्ती, सोयाबीन तेल, चना सत्तू, पिज्जा, बिस्कुट, पनीर, दूध, चीज एनालॉग, प्याज ग्रेवी, पास्ता, बेसन, घेवर, लड्डू, समोसा, भजिया और चिवड़ा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, परिवहन नाकों और जिले में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर खाद्य पदार्थों की आवाजाही पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से अन्य राज्यों और बाहरी जिलों से बड़ी मात्रा में आने वाले खोवा (मावा), पनीर, घी तथा अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने और संदिग्ध खेप की तत्काल सैंपलिंग के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान वितरण एवं उपयोग में आने वाले बूंदी लड्डू की गुणवत्ता पर भी निगरानी रखी जा रही है।
विभाग के मुताबिक पूर्व में लिए गए नमूनों की जांच में खाद्य सामग्री अवमानक पाए जाने पर जैन डेयरी पर पनीर के मामले में 30 हजार रुपये, हरिओम डेयरी पर अवमानक पनीर के लिए 18 हजार रुपये, हिन्द पानी पाउच पर 10 हजार रुपये और लेमन साल्ट सॉफ्ट ड्रिंक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। इन मामलों में कुल 68 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
पूर्व में संकलित नमूनों की जांच रिपोर्ट में श्याम सिटी होटल डोंगरगढ़ का कुंदा, अन्नपूर्णा डेयरी राजनांदगांव का पनीर, विष्णु किराना स्टोर्स कलकसा का सितार पान मसाला, बसंतीलाल अग्रवाल डोंगरगढ़ का चोको जेम्स और पंकज ट्रेडिंग कंपनी राजनांदगांव का तुलसी पानी पाउच अवमानक पाया गया है। वहीं गणेश किराना स्टोर्स राजनांदगांव से लिया गया सितार पान मसाला का नमूना असुरक्षित पाया गया है। विभाग के अनुसार ये प्रकरण विवेचनाधीन हैं और जांच पूरी होने के बाद सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर की जांच करने की अपील की है। साथ ही अत्यधिक चमकीले रंग वाली मिठाइयों, असामान्य रूप से कम कीमत पर बिक रहे खोवा-पनीर और खुले में रखे संदिग्ध खाद्य पदार्थों से बचने तथा खरीदारी की पक्की रसीद लेने की सलाह दी गई है।
विभाग ने बताया कि मिलावटी, अवमानक अथवा बासी खाद्य सामग्री के विक्रय की शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 अथवा सीएम हेल्पलाइन 1076 पर की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित