पटना, अक्टूबर 13 -- ्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पटना के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोवर्धन स्वीट्स में खराब दुर्गंध वाली मिठाई एवं पनीर पाए जाने पर उन्हें जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं, संतोष स्वीट्स से Rs.5.24 लाख मूल्य का मिल्क केक एवं पेड़ा जब्त किया गया। अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, रसोई की स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाए जाने पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा मिठाई दुकानों एवं खाद्य विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण की स्थिति, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खराब दुर्गंध वाली मिठाई एवं पनीर पाए गए। कार्रवाई के तहत 120 किलोग्राम छेना मिठाई, 20 किलोग्राम गुड़ मिठाई, 10 किलोग्राम मिक्स्ड मिठाई तथा 20 किलोग्राम पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। जब्त खाद्य सामग्री में छेना मिठाई एवं पनीर का कुल मूल्य Rs.41,000 आंका गया।
प्रतिष्ठान से खोआ एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें से दो नमूने खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए। संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित