मुरादाबाद , अक्टूबर 14 -- त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिये वाराणसी-जम्मूतवी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी जिसका संचालन 18 अक्टूबर को वाराणसी से और 19 अक्टूबर को जम्मूतवी से होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने वाराणसी और जम्मूतवी के बीच त्योहार विशेष आरक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04231/04232 वाराणसी-जम्मूतवी-वाराणसी आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में केवल एक-एक फेरा लगाएगी। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बताया कि इसमें वातानुकूलित, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

समय सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 04231 वाराणसी से 18 अक्टूबर को दोपहर 13:40 बजे रवाना होगी। यह जौनपुर, अयोध्या धाम जंक्शन, अयोध्या कैंट और लखनऊ होते हुए रात 00:10 बजे शाहजहांपुर तथा 01:08 बजे बरेली पहुंचेगी। मुरादाबाद में यह तड़के 02:50 बजे पहुंचकर 03:00 बजे आगे बढ़ेगी। इसके पश्चात सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट और पठानकोट कैंट रुकते हुए दोपहर 15:20 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04232 जम्मूतवी से 19 अक्टूबर को शाम 17:00 बजे चलेगी। पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट और सहारनपुर के रास्ते यह भोर में 04:40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी और 04:50 बजे रवाना होगी। आगे बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम जंक्शन और जौनपुर में ठहराव के बाद यह शाम 17:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से समय सारणी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित