नयी दिल्ली, तीन जुलाई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तोतापुरी आम उत्पादक किसानों के समक्ष आये गंभीर आर्थिक संकट के समाधान के लिए वैज्ञानिकों एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें बताया गया कि इन आम किसानों ने श्री चौहान के हालिया राज्य के दौरे पर उन्हें बताया कि प्रसंस्करण के लिए बड़े पैमाने पर उगाई जाने वाली तोतापुरी आम किस्म की कीमतों में हाल के समय में उल्लेखनीय गिरावट आई है, जिसके कारण राज्य के आम उत्पादक किसानों को गंभीर आर्थिक संकट और असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री चौहान ने तत्काल एक समिति बनाने का निर्देश दिए जिससे कि तोतापुरी आम क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन का समग्र अध्ययन किया जाए और किसानों को लाभकारी मूल्य और क्षेत्र के दीर्घकालिक, सतत विकास के लिए ठोस समाधान पेश किए जा सकें।
इस विशेषज्ञ समिति में डॉ. टी. दामोदरन, निदेशक, सीआईएसएच, लखनऊ, आईआईएचआर, बेंगलुरु के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एच.एस. सिंह, वाईएसआर हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, आंध्र प्रदेश के निदेशक (उद्यानिकी) अनंत राजपेटा आदि लोग शामिल किए गए हैं। यह समिति अगले 10 दिनों के भीतर आंध्र प्रदेश के प्रमुख तोतापुरी आम उत्पादक क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करेगी और कीमतों में हालिया गिरावट के कारणों का वैज्ञानिक और आर्थिक विश्लेषण करेगी, ताकि नीति-निर्माण के लिए तथ्यपरक आधार उपलब्ध हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित