टिहरी , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में टिहरी के तोताघाटी क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पहाड़ से अचानक गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आकर एक टेम्पो ट्रेवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार एक वाहन संख्या तोताघाटी मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिर पड़ा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए।

घायलों की पहचान माकूल सिंह रावत (59), हीरा सिंह सजवाण (50) और दिनेश सिंह (48) के रूप में की गयी।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। दो घायलों माकूल सिंह रावत और हीरा सिंह सजवाण को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिनेश सिंह को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सीएचसी देवप्रयाग में भर्ती कराया गया।

प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है, खासकर ऐसे संवेदनशील मार्गों पर जहां भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित