चंडीगढ़ , मई 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए हरियाणा में पानीपत की रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना गुप्ता को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा ने 43 साल बाद किसी महिला को प्रदेश पार्टी की कमान सौंपी है। इससे पहले 1980 में डॉ. कमला वर्मा पार्टी की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष बनी थीं।
पहले श्री मोहनलाल बड़ौली को अध्यक्ष बनाये रखने की चर्चा थी। वह लगातार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ नजर आ रहे थे। बाद में बदलाव की अटकलों के बीच डॉ. गुप्ता और पूर्व मंत्री असीम गोयल के नाम सामने आये। श्री गोयल को श्री सैनी का करीबी माना जाता है, जबकि डॉ अर्चना गुप्ता को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और संगठन का समर्थन मिलने की चर्चा रही।
डॉ गुप्ता पेशे से गोल्ड मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई की है। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वह विश्व हिंदू परिषद की इंडियन हेल्थ लाइन से जुड़ी रहीं। पार्टी ने उन्हें संगठन और सामाजिक क्षेत्र के अनुभव के आधार पर बड़ी जिम्मेदारी दी है।
भाजपा के इस फैसले को महिला नेतृत्व और संगठनात्मक संतुलन के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी अब आगामी चुनावों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए नये नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित