तेल अवीव/तेहरान , मार्च 04 -- इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने बुधवार सुबह कहा कि उसने तेहरान में ईरानी शासन से जुड़े ठिकानों पर व्यापक हवाई हमले शुरू कर दिए हैं।
आईडीएफ के अनुसार शनिवार से मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से यह दसवीं बार बड़े पैमाने के हमले की लहर है।
सेना ने बताया कि रात भर किए गए हमलों में ईरान की आंतरिक सुरक्षा बलों और बसीज मिलिशिया द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कमान केन्द्रों को निशाना बनाया गया।
सीएनएन के अनुसार, तेहरान के उत्तरी हिस्से के एक निवासी ने बताया कि रात के दौरान कई जोरदार धमाके सुनाई दिए। उन्होंने कहा कि हमले काफी तीव्र थे और रात बेहद खराब रही।
निवासी ने कहा कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि हमले शहर के किस हिस्से में हुए, लेकिन ऐसा लगा कि आसपास लगातार विस्फोट हो रहे थे। उन्होंने बताया कि लोग शहर छोड़कर पहाड़ों की ओर जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह पता लगाना मुश्किल है कि कौन सा इलाका सुरक्षित है क्योंकि सैन्य ठिकानों का स्थान स्पष्ट नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित