तेहरान , अप्रैल 27 -- ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने कहा है कि वैश्विक तेल बाजार में अमेरिका अपनी रणनीतिक बढ़त तेजी से खो रहा है, जबकि ईरान के पास अब भी कई महत्वपूर्ण विकल्प सुरक्षित हैं, जिनमें होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे प्रमुख समुद्री मार्गों पर उसका नियंत्रण शामिल है।
श्री कालीबाफ ने हालिया अमेरिकी बयानों के जवाब में सोशल मीडिया पर कहा कि वैश्विक ऊर्जा संतुलन को लेकर अमेरिकी दावे अतिरंजित हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अमेरिका रणनीतिक भंडार के उपयोग और मांग नियंत्रण जैसे अपने सुलभ साधनों का काफी हद तक इस्तेमाल कर चुका है, जबकि ईरान ने अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग अभी नहीं किया है।
उन्होंने आपूर्ति और मांग से जुड़े "कार्ड" का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका के कई प्रमुख विकल्प पहले ही इस्तेमाल हो चुके हैं, जबकि ईरान के पास बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य, क्षेत्रीय पाइपलाइन मार्गों और अन्य सामरिक साधनों सहित कई विकल्प अब भी उपलब्ध हैं।
विश्लेषकों के अनुसार, श्री कालीबाफ की टिप्पणी अमेरिकी नीति निर्माताओं के लिए एक संदेश है कि अल्पकालिक बाजार हस्तक्षेप को स्थायी रणनीतिक बढ़त नहीं माना जाना चाहिए। उनका मानना है कि ईरान अब भी महत्वपूर्ण ऊर्जा गलियारों पर प्रभाव रखता है, जिससे तनाव बढ़ने की स्थिति में उसकी रणनीतिक स्थिति मजबूत बनी रह सकती है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका के लिए बढ़ती चुनौती यह है कि रणनीतिक भंडार पर निर्भरता और मांग दबाव के कारण उसके विकल्प सीमित हो सकते हैं, खासकर ऐसे समय में जब गर्मियों के दौरान ईंधन कीमतों का घरेलू राजनीतिक प्रभाव बढ़ जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित