पटना , मार्च 27 -- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को कहा कि पेट्रोल और डीजल पर 10 रूपये की उत्पाद शुल्क में कमी का केंद्र सरकार का निर्णय आम जनता को बड़ी राहत देने वाला कदम है, इससे डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी नहीं होगी और महंगाई पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

डॉ. सुमन ने इसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक धन्यवाद दिया और कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समय-समय पर आम जनता को राहत देने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं।

डॉ. सुमन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बावजूद यह सुनिश्चित किया गया है कि आम जनता पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। यह निर्णय न केवल आम आदमी की जेब को राहत देगा, बल्कि कृषि, परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व में दूरदर्शिता हो, निर्णय में दृढ़ता हो और इरादों में राष्ट्रहित हो, तब वैश्विक संकट भी देश की प्रगति को रोक नहीं सकता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित