चंडीगढ़ , जून 24 -- हरियाणा में सिरसा लोक सभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आयी गिरावट का लाभ देश की जनता तक पहुंचाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देकर पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाई जाती हैं, तो कीमतों में कमी आने पर उपभोक्ताओं को भी राहत मिलनी चाहिए।
कुमारी सैलजा ने यहां एक बयान में कहा कि बीते कुछ वर्षों से आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और परिवहन लागत में वृद्धि का सीधा असर खाद्य पदार्थों, कृषि लागत और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में आयी कमी के मद्देनजर सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों के दामों की समीक्षा कर राहत देने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के वित्तीय परिणाम पिछले वर्षों में उनकी आय और लाभ में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाते हैं। ऐसे में सरकार को आम उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का आम नागरिक बढ़ती महंगाई, रोजगार संबंधी चुनौतियों और घरेलू खर्चों के बढ़ते दबाव से जूझ रहा है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में संभावित कमी से न केवल आम परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन और उत्पादन लागत घटने से महंगाई पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की कीमतों की पारदर्शी समीक्षा कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में आयी गिरावट का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की मांग की। सरकार का प्राथमिक दायित्व जनता को राहत देना होना चाहिए, न कि केवल राजस्व संग्रह बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित