चेन्नई , अप्रैल 11 -- तेल उद्योग ने शनिवार को तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के लोगों को आश्वासन दिया कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है।
तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक (आईओसी, बीपीसी, एचपीसी) वी सी अशोकन ने यहां जारी एक बयान में कहा कि तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में घरेलू एलपीजी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है और आपूर्ति के साजो-सामान को मजबूती से स्थापित किया गया था।
बयान में कहा गया, "मैं तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के लोगों को आश्वासन देता हूं कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति में कोी बाधा नहीं आएगी और यह पूरे राज्य में सुरक्षित है। तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक के तौर पर और भारतीय तेल निगम एवं अन्य तेल विपणन कंपनियों की ओर से मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। आपूर्ति शृंखला को भी मजबूती से स्थापित किया गया है।"उन्होंने कहा, "एलपीजी को सिलेंडर में भरने वाले प्लांट, वितरण के रास्ते और डिलीवरी प्रणालियां अच्छी तरह काम कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के सही समय पर उनके सिलेंडर मिलते रहें।" उन्होंने लोगों के भय को दूर करते हुए कहा कि चिंता की कोई जरूरत नहीं है और उपभोक्ता घबराकर बुकिंग न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित